Domestic MatchesIPL-2024ताजा खबरदेशन्यूज़बड़ी-खबरस्पोर्ट्स

IPL Auction 2022: मेगा ऑक्शन में इन खिलाड़ियों पर सबसे पहले लगेगी बोली, धवन से लेकर श्रेयस और वार्नर तक देखें पूरी लिस्ट

आईपीएल 2022 के लिए मेगा ऑक्शन 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होगा। मेगा ऑक्शन में सबसे पहले 10 मार्की खिलाड़ियों पर बोली लगाई जाएगी। इसमें चार भारतीय और छह विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। मार्की खिलाड़ियों में तीन भारतीय ऐसे हैं, जो आईपीएल 2021 में दिल्ली की टीम के लिए खेले थे। इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के तीन खिलाड़ी हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया को दो और न्यूजीलैंड का एक खिलाड़ी है। इंग्लैंड का कोई भी खिलाड़ी मार्की खिलाड़ियों की सूची में शामिल नहीं है।

मार्की खिलाड़ी  क्या होते हैं, आइये जानते हैं ?

मार्की खिलाड़ी वह खिलाड़ी होते हैं, जिन पर ऑक्शन के दौरान सबसे पहले बोली लगाई जाती है। ये खिलाड़ी वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय होते हैं और अधिकतर टीमें इन्हें खरीदना चाहती हैं। आमतौर पर ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी बड़ा नाम बना चुके होते हैं। आमतौर पर मार्की खिलाड़ियों के ऊपर बड़ी बोली लगती है और नीलामी का सबसे महंगा खिलाड़ी भी इन्हीं में से कोई एक होता है।

10 खिलाडी जिन पर लगेगी सबसे पहले बोली

1.शिखर धवन

shikhar dhawan

दिल्ली कैपिटल्स के लिए पिछले सीजन में खेलने वाले शिखर धवन ने पिछले सीजन में धमाकेदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने 16 मैच की 16 पारियों में 587 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत 39.13 और स्ट्राइक रेट 124.62 का रहा था। धवन आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर हैं। इस बार धवन का बेस प्राइस दो करोड़ रुपये हैं। उन पर 10 करोड़ तक की बोली लग सकती है।

2. मोहम्मद शमी

mohammed shami

भारत के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने पिछले कुछ सालों में शानदार प्रदर्शन किया है। शमी ने पिछले सीजन में पंजाब किंग्स के लिए 14 मैच में 19 विकेट झटके थे। शमी नई और पुरानी गेंद से गेंदबाजी करने में सक्षम हैं और वो किसी भी समय विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं। इसी वजह से शमी को कई टीमें अपने साथ जोड़ना चाहेंगी। उनका बेस प्राइस दो करोड़ रुपये है, लेकिन नीलामी में उनके ऊपर सात से आठ करोड़ तक की बोली लग सकती है।

3. श्रेयस अय्यर

iyer

साल 2020 में दिल्ली की टीम की कप्तानी करने वाले श्रेयस अय्यर भी इस बार नीलामी का हिस्सा हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और पंजाब किंग्स को इस सीजन में नए कप्तान की आवश्यकता है। तीनों टीमों की नजर श्रेयस अय्यर पर होगी। अय्यर ने अपनी कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स को फाइनल में पहुंचाया था। वे पिछले सीजन के दूसरे हाफ में ही खेल सके थे। और आठ मैचों में 175 रन बनाए थे।

अय्यर इस बार मेगा ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी बन सकते हैं। पंजाब, कोलकाता या बैंगलोर की टीम उनके ऊपर बड़ी रकम खर्च कर सकती हैं। उनका बेस प्राइस दो करोड़ रुपये है, लेकिन उन पर 15 करोड़ तक की बोली लग सकती है।

4. रविचंद्रन अश्विन

R_Ashwin

आईपीएल में पंजाब किंग्स की कप्तानी कर चुके ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन पर भी सबकी नजरें होंगी। वे पिछले साल दिल्ली कैपिटल्स के सदस्य थे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन नहीं किया। अश्विन ने 13 मैच में सात विकेट लिए थे। अश्विन गेंद के अलावा बल्ले के साथ भी योगदान दे सकते हैं। साथ ही वह काफी किफायती गेंदबाजी करते हैं। ऐसे में कई टीमें अश्विन को खरीदना चाहेंगी। दो करोड़ बेस प्राइस वाले अश्विन को नीलामी में सात से आठ करोड़ रुपये मिल सकते हैं।

5. डेविड वॉर्नर

david warner

सनराइजर्स हैदराबाद के पूर्व कप्तान डेविड वॉर्नर पर इस बार सबकी नजरें होंगी। वॉर्नर के लिए पिछला सीजन निराशाजनक रहा था। उन्हें आठ मैचों में ही खेलने का मौका मिला था। इस दौरान उनके बल्ले से 195 रन निकले थे। इस समय वार्नर खराब फॉर्म से जूझ रहे थे, लेकिन अब वो लय में लौट चुके हैं। वार्नर आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विदेशी खिलाड़ी हैं। 2016 में उन्होंने अपनी कप्तानी में हैदराबाद के चैंपियन बनाया था। ऐसे में कोलकाता, बैंगलोर और पंजाब की नजरें वार्नर पर भी होंगी।

दो करोड़ की बेस प्राइस वाले वार्नर भी इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल हो सकते हैं। उनके ऊपर भी 10 करोड़ से ज्यादा की बोली लगना तय है।

6. फाफ डुप्लेसिस

faf du plessis

चेन्नई सुपरकिंग्स के विस्फोटक बल्लेबाज फाफ डुप्लेसिस पर भी इस साल सभी फ्रेंचाइजियों की नजरें होंगी। डुप्लेसिस ने पिछले सीजन में ऋतुराज गायकवाड़ के साथ ओपनिंग में जबरदस्त बल्लेबाजी की थी। उन्होंने 16 मैच में 633 रन बनाए थे। डुप्लेसिस आईपीएल के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल हैं। वो अपनी बल्लेबाजी के अलावा फील्डिंग से भी मैच में फर्क डाल सकते हैं। स्पिन खेलने में भी उन्हें महारत हासिल है और टीम की जरूरत के हिसाब से वह टिककर भी खेल सकते हैं और बाद में विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी कर सकते हैं।

प्लेसिस का बेस प्राइस दो करोड़ रुपये है, लेकिन उनके ऊपर भी सात से आठ करोड़ तक की बोली लग सकती है।

7. पैट कमिंस

pat cummins

कोलकाता नाइटराइडर्स की ओर से पिछले सीजन में खेलने वाले पैट कमिंस को 2020 नीलामी में 15.50 करोड़ रुपये मिले थे। उन्होंने पिछले सीजन के सात मैचों में नौ विकेट लिए थे। कमिंस हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान बने हैं और अपनी टीम के एशेज में जीत दिलाई है। इस बार भी कमिंस को नीलामी में अच्छी रकम मिल सकती है, क्योंकि वो गेंद के अलावा बल्ले से भी कमाल कर सकते हैं। दो करोड़ बेस प्राइस वाले कमिंस पर 10 करोड़ के करीब बोली लग सकती है।

8. क्विंटन डिकॉक

dekock

इस बार नीलामी में विकेटकीपरों में दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक की मांग सबसे ज्यादा होगी। वे पिछले साल मुंबई इंडियंस के सदस्य थे। डिकॉक आक्रामक बल्लेबाजी के साथ-साथ बेहतरीन विकेटकीपिंग के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने पिछले सीजन के 11 मैचों में 297 रन बनाए थे। उनका बेस प्राइस दो करोड़ है, लेकिन उनके ऊपर 10 करोड़ से ज्यादा की बोली लगना तय है। उन्होंने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया है और अब सिर्फ एकदिवसीय क्रिकेट खेलेंगे। भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में भी उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी की थी।

9. कगिसो रबाडा

kagiso rabada

दिल्ली कैपिटल्स के लिए शानदार प्रदर्शन कर चुके कगिसो रबाडा को टीम ने रिटेन नहीं किया। उन्होंने पिछले सीजन में 15 मैच में 15 विकेट लिए थे। रबाडा पर नीलामी में बड़ी बोली लग सकती है। वह सुपर ओवर करने में महारत रखते हैं और दिल्ली को कई सुपर ओवर जिता चुके हैं। रबाडा नई और पुरानी गेंद से गेंदबाजी करने में सक्षम हैं। उनका बेस प्राइस दो करोड़ है, लेकिन उनके ऊपर 10 करोड़ से ज्यादा की बोली लगना तय है।

10. ट्रेंट बोल्ट

Trrrent Boult

मुंबई इंडियंस के लिए जसप्रीत बुमराह के साथ शानदार जोड़ी बनाने वाले न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट नीलामी में मालामाल हो सकते हैं। उन्होंने पिछले सीजन में 14 मैच में 13 विकेट लिए थे। बोल्ट पावरप्ले में विकेट निकालने में माहिर हैं। इसी वजह से कई टीमें उन पर बड़ी बोली लगाना चाहेंगी। उनका बेस प्राइस दो करोड़ रुपये है, लेकिन उनके ऊपर सात से आठ करोड़ तक की बोली लग सकती है।

Tags
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Close
Close